थाने में अनुशासनहीनता और आरोपी को छोड़ने दबाव पड़ा भारी, दुर्ग पुलिस के दो आरक्षक सस्पेंड

थाने में अनुशासनहीनता और आरोपी को छोड़ने दबाव पड़ा भारी, दुर्ग पुलिस के दो आरक्षक सस्पेंड

दुर्ग/आबकारी एक्ट के आरोपी को छोड़ने के लिए अनुचित दबाव बनाने और थाना खुर्सीपार में अभद्र व्यवहार व अनुशासनहीन आचरण करने के मामले में दुर्ग पुलिस के दो आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने दोनों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए उन्हें रक्षित केंद्र, दुर्ग से संबद्ध किया है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी निलंबन आदेश के अनुसार आरक्षक क्रमांक 807 सोनू चौहान, थाना छावनी और आरक्षक क्रमांक 341 चंद्रभान चौहान, थाना खुर्सीपार ने 22 अगस्त की रात थाना खुर्सीपार पहुंचकर आबकारी एक्ट के एक आरोपी को छोड़ने के लिए प्रधान आरक्षक क्रमांक 1534 रामनारायण यदु पर अनुचित दबाव बनाया।

       थाने में किया अभद्र व्यवहार

आदेश के मुताबिक इस दौरान दोनों आरक्षकों द्वारा प्रधान आरक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और अनुशासनहीन आचरण किया गया। पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

       रक्षित केंद्र से संबद्ध

निलंबन अवधि में आरक्षक सोनू चौहान और चंद्रभान चौहान रक्षित केंद्र, दुर्ग से संबद्ध रहेंगे। इस अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।