दुर्ग : ईद मिलाद-उन-नबी को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, मुस्लिम कमेटी के साथ बैठक में जुलूस की व्यवस्था पर चर्चा

दुर्ग : ईद मिलाद-उन-नबी को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, मुस्लिम कमेटी के साथ बैठक में जुलूस की व्यवस्था पर चर्चा

दुर्ग/ आगामी ईद मिलाद-उन-नबी पर्व के दौरान दुर्ग-भिलाई एवं अन्य क्षेत्रों में निकलने वाले जुलूसों के मद्देनजर शांति, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस एवं प्रशासन द्वारा मुस्लिम कमेटी के प्रमुखों एवं सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। दिनांक 26.08.2026 को प्रस्तावित जुलूसों को दृष्टिगत रखते हुए दिनांक 24.08.2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06, भिलाई में आयोजित बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी दुर्ग श्री वीरेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दुर्ग श्री शोभराज अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री कौशलेन्द्र देव पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री हर्षित मेहर, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेमलाल साव, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर श्री निशांत पाठक एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री विशाल सोन उपस्थित रहे। बैठक में भिलाई एवं दुर्ग के मुस्लिम कमेटी के प्रमुखों एवं सदस्यों से चर्चा कर जुलूस को निर्धारित मार्ग एवं समय के अनुसार संचालित करने तथा समय पर समाप्त करने के संबंध में आवश्यक समझाईश दी गई। जुलूस के दौरान पर्याप्त संख्या में वालेंटियर रखने एवं उनकी सूची संबंधित थाना में पर्व से पूर्व उपलब्ध कराने के संबंध में निर्देशित किया गया। साथ ही जुलूस के दौरान विशेष रूप से छोटे बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने देने के संबंध में समझाईश दी गई।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जुलूस को निर्धारित मार्ग की एक ओर से व्यवस्थित रूप से निकाले जाने हेतु आवश्यक समझाईश दी गई, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। मुस्लिम कमेटी के प्रमुखों एवं सदस्यों द्वारा निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करते हुए जुलूस को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने तथा पुलिस एवं प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया। बैठक के माध्यम से आगामी पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के संबंध में पुलिस, प्रशासन एवं मुस्लिम कमेटी के बीच आवश्यक समन्वय स्थापित करने में संबंधित पुलिस एवं यातायात अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बैठक में सेक्टर-06 जामा मस्जिद से मिर्जा आसिम बेग, गौसिया मस्जिद से नजरूल खान, सेक्टर-06 से एस.जे. कुरैशी, हाउसिंग बोर्ड मस्जिद से मोहम्मद इफ्तिखार खान, कैम्प-01 मस्जिद से मोहम्मद जमाल, रूआबांधा से शमशेर अली, जामा मस्जिद दुर्ग से शेख शकील, सीरत पाक दुर्ग से अनिस रजा, दुर्ग से सैय्यद मोहसीन अली सहित मुस्लिम कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने, जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने तथा बच्चों एवं अन्य परिजनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की भी अपील की है।