नगर सेना में नौकरी लगाने का झांसा देकर 6.30 लाख रुपये की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

नगर सेना में नौकरी लगाने का झांसा देकर 6.30 लाख रुपये की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग/ थाना पुलगांव पुलिस ने नगर सेना में नौकरी लगाने के नाम पर 6.30 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी इसरार खान (44 वर्ष), निवासी ग्राम चंदखुरी, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नगर सेना के अधिकारी से अपनी पहचान होने का विश्वास दिलाकर प्रार्थिया के पति को नौकरी लगवाने का झांसा दिया और अलग-अलग 15 किस्तों में कुल 6 लाख 30 हजार रुपये प्राप्त किए। रकम लेने के बाद नौकरी नहीं लगवाने तथा पैसे वापस मांगने पर रकम लौटाने से इंकार करने की शिकायत पर थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 756/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा नौकरी लगाने के नाम पर रकम प्राप्त करना स्वीकार किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधू, सहायक उप निरीक्षक अश्वनी सिंह, आरक्षक हेमेंद्र कुर्रे एवं थाना पुलगांव स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नौकरी लगाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन के राशि न दें और नियुक्ति संबंधी दावों की जानकारी संबंधित विभाग से अवश्य सत्यापित करें।