महाष्टमी पर विधायक ललित चंद्राकर ने विभिन्न दुर्गा पंडालों में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
दुर्ग/दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक ललित चंद्राकर ने महाष्टमी के पावन अवसर पर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
विधायक ललित चंद्राकर ग्राम अंजोरा, आलबरस, भानपुरी, चंदखुरी, खोपली, उतई एवं रिसाली के विभिन्न दुर्गा पंडालों में पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से माता रानी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान वे महाष्टमी के अवसर पर आयोजित हवन-पूजन कार्यक्रमों में भी शामिल हुए और हवन कुंड में आहुति अर्पित की।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि नवरात्रि शक्ति की आराधना और भक्ति का पावन पर्व है। मां दुर्गा की कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े और प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली बनी रहे, यही उनकी प्रार्थना है।
पूजा-अर्चना के दौरान विभिन्न गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।