दुर्ग के पोटियाकला में पीलिया का प्रकोप, 5 दिन में मिले 9 मरीज; 286 घरों का सर्वे, पानी के सैंपल जांच को भेजे

दुर्ग के पोटियाकला में पीलिया का प्रकोप, 5 दिन में मिले 9 मरीज; 286 घरों का सर्वे, पानी के सैंपल जांच को भेजे

दुर्ग/ शहर के वार्ड क्रमांक 54 स्थित पोटियाकला की आबादी बस्ती में पीलिया के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। बीते पांच दिनों में यहां 9 लोगों में पीलिया के मामले सामने आए हैं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित इलाके में घर-घर पहुंचकर सर्वे किया। अब तक 286 घरों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। वहीं, बीमारी के संभावित कारणों का पता लगाने के लिए चार अलग-अलग स्थानों से पेयजल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग डॉ. मनोज दानी के निर्देश पर गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम पोटियाकला पहुंची। जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे के मार्गदर्शन में शहरी खंड चिकित्सा अधिकारी, दुर्ग, सिटी प्रोग्राम मैनेजर रितिका सोनवानी, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट, स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और मितानिनों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई और संभावित मरीजों की पहचान की गई।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 7 नवंबर से 12 नवंबर के बीच क्षेत्र में पीलिया के कुल 9 मरीज सामने आए हैं। इनमें से एक मरीज का शासकीय अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि अन्य मरीज घर पर ही चिकित्सकीय उपचार ले रहे हैं। राहत की बात यह है कि अब तक क्षेत्र में पीलिया से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। वर्तमान में सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई गई है।

पेयजल की गुणवत्ता की भी होगी जांच

पोटियाकला में पीलिया के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पेयजल की गुणवत्ता को लेकर भी जांच शुरू कर दी है। प्रभावित बस्ती के चार अलग-अलग स्थानों से पानी के सैंपल एकत्र किए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, दुर्ग को भेजा गया है। अब जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है। रिपोर्ट से पता चल सकेगा कि पेयजल की गुणवत्ता में किसी तरह की गड़बड़ी तो नहीं है।

डॉक्टरों ने लोगों को दी सतर्क रहने की सलाह

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी और जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है। विभाग ने नागरिकों को पीलिया के संभावित लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उल्टी लगना, भूख नहीं लगना, शरीर में थकान महसूस होना, पेट में लगातार दर्द होना और बुखार आना जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। जरूरत पड़ने पर पीलिया की जांच भी करानी चाहिए।

उबला हुआ पानी पीने और बाहर का खाना नहीं खाने की अपील

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्र के नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को पानी उबालकर पीने, सड़ी-गली सब्जियों का सेवन नहीं करने, खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से बचने और बाहर का खाना नहीं खाने की सलाह दी गई है। साथ ही घर और आसपास साफ-सफाई रखने तथा स्वच्छ भोजन का सेवन करने की समझाइश दी गई है।