छत्तीसगढ़ के 5 जिलों में आयकर विभाग की एक साथ छापेमारी, 16 टीमें जांच में जुटीं

छत्तीसगढ़ के 5 जिलों में आयकर विभाग की एक साथ छापेमारी, 16 टीमें जांच में जुटीं

रायपुर/ छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग की एक साथ छापेमारी से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया। विभाग की 16 अलग-अलग टीमों ने प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों और उनसे जुड़े परिसरों को जांच के दायरे में लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कर चोरी से जुड़ी सूचनाओं के आधार पर की जा रही है।जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग ने इस अभियान के लिए पहले से 16 टीमों का गठन किया था। बुधवार तड़के सभी टीमें निर्धारित ठिकानों पर पहुंचीं और एक साथ जांच शुरू कर दी। अलग-अलग जिलों में विभागीय टीमों की अचानक दस्तक से संबंधित कारोबारियों और प्रतिष्ठानों में हलचल तेज हो गई।राजधानी रायपुर में भी आयकर विभाग की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर जांच कर रही हैं। प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह क्षेत्र में भी विभागीय कार्रवाई चल रही है। यहां कारोबारियों के वित्तीय दस्तावेजों, लेन-देन और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।विभागीय अधिकारी कारोबार से संबंधित दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन का मिलान कर रहे हैं। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पांचों जिलों में कुल कितने ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है। कार्रवाई में कितनी अघोषित आय या वित्तीय अनियमितता सामने आई है, इसकी भी फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।