शोएब ढेबर से कथित संपर्क और संदिग्ध आचरण के आरोप में पुलिस निरीक्षक विनीत दुबे निलंबित
रायपुर/छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में गोपनीय जानकारी लीक होने के मामले में एक और बड़ी विभागीय कार्रवाई हुई है। फरार आरोपी शोएब ढेबर से कथित संपर्क और संदिग्ध आचरण के आरोपों को लेकर पुलिस निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा ने निलंबन का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर की ओर से 30 अक्टूबर को भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।जानकारी के अनुसार, रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 की विवेचना के दौरान निरीक्षक विनीत दुबे की भूमिका संदेह के दायरे में आई थी। जांच में फरार आरोपी शोएब ढेबर से उनके कथित संपर्क और संदिग्ध आचरण से जुड़े तथ्य सामने आए। इसके बाद रायपुर पुलिस कमिश्नर ने मामले की रिपोर्ट बस्तर आईजी को भेजी थी। रिपोर्ट के आधार पर निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।इस पूरे मामले में पुलिस की गिरफ्तारी योजना लीक होने का घटनाक्रम भी अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि शोएब ढेबर की तलाश में पुलिस टीम खम्हारडीह क्षेत्र में दबिश देने की तैयारी में थी। लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी को कार्रवाई की भनक लग गई और वह मौके से निकल गया। इसके चलते पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की गोपनीय जानकारी बाहर पहुंचने को लेकर सवाल उठे थे।गौरतलब है कि इस मामले में इससे पहले एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी गोपनीय सूचना लीक करने के आरोप में निलंबित किया जा चुका है। अब निरीक्षक विनीत दुबे पर हुई कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।