सस्ते सोलर पैनल का झांसा देकर 34 लाख की ऑनलाइन ठगी, मुंबई जेल से आरोपी को लाई दुर्ग पुलिस
भिलाई/ सोलर पैनल बाजार दर से कम कीमत पर उपलब्ध कराने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का झांसा देकर 34 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने के मामले में सुपेला थाना की स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व से मुंबई के एक अन्य मामले में जेल में बंद था। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उसे ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया और न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त कर मामले में आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।मामले में प्रार्थी नवीन कुमार ने 5 सितंबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 24 जून 2026 को मोबाइल फोन के माध्यम से स्नेहा एवं कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल नामक व्यक्तियों ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने स्वयं को सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई से संबंधित बताते हुए बाजार दर से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने तथा ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव दिया।आरोपियों ने व्यावसायिक लाभ का भरोसा दिलाकर प्रार्थी को अपने विश्वास में लिया। इसके बाद प्रार्थी ने बैंक ऑफ बड़ौदा, नंदनी रोड भिलाई तथा कोटक महिंद्रा बैंक, सुपेला स्थित अपने खातों से IMPS और RTGS के माध्यम से कुल 34 लाख रुपये आरोपियों से संबंधित कंपनी के एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, मुंबई स्थित खाते में ट्रांसफर किए। रकम जमा करने के बाद धोखाधड़ी का पता चलने पर प्रार्थी ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर थाना सुपेला, चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 1306/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर सेल और संबंधित बैंकों से संदिग्ध मोबाइल नंबरों एवं बैंक खातों की जानकारी जुटाई गई। तकनीकी साक्ष्यों और प्रार्थी के कथन के आधार पर आरोपी विवेक मिश्रा की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी विवेक मिश्रा थाना बांगुर नगर, मुंबई के अपराध क्रमांक 880/2026 में धारा 316(2), 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत पहले से गिरफ्तार होकर मुंबई सेंट्रल जेल में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध था। स्मृतिनगर पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन से समन्वय कर जिला न्यायालय दुर्ग से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया। इसके बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर धोखाधड़ी के पूरे नेटवर्क, बैंक खातों और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
आरोपी का नाम
* विवेक मिश्रा, उम्र 27 वर्ष, निवासी कब्रिस्तान के पास, श्रीराम घर चाल, नाका सुपाड़ा पूर्व, पालघर, महाराष्ट्र।