भिलाई नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, 6 लाख के मोबाइल जप्त

भिलाई नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, 6 लाख के मोबाइल जप्त

दुर्ग/ थाना भिलाई नगर पुलिस ने खेल मैदानों एवं परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाने वाले एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन को अनलॉक कर खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 06 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन जप्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 30.11.2025 को थाना भिलाई नगर क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-7 भिलाई में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान खड़ी गाड़ियों से 03 मोबाइल फोन, कार की चाबी एवं अन्य सामान चोरी होने संबंधी रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 663/2025 धारा 303(2) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
जांच के दौरान खेल मैदानों एवं परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों से मोबाइल चोरी की लगातार घटनाएं सामने आईं। सतत निगरानी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही शुभम श्रीवास को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने खेल मैदानों एवं परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़ी स्कूटी/वाहनों की डिक्की से मोबाइल, पर्स, आधार कार्ड एवं एटीएम कार्ड चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल के सामान्य लॉक पैटर्न का उपयोग कर उन्हें अनलॉक कर संबंधित बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करना भी स्वीकार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के कुल मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 06 लाख रुपये है, जप्त किए गए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम शुभम श्रीवास (उम्र 24 वर्ष) निवासी कातुलबोर्ड हरिनगर दुर्ग, स्थायी पता थाना ओमती जिला जबलपुर (म.प्र.) बताया गया है।
यह घटनाएं सेक्टर-7 क्रिकेट मैदान एवं भिलाई नगर क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में हुई थीं। उक्त कार्रवाई में थाना भिलाई नगर पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने मोबाइल फोन में फेस लॉक एवं फिंगरप्रिंट लॉक का उपयोग करें। मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाना में रिपोर्ट दर्ज कराएं, CEIR पोर्टल पर सूचना दें तथा बैंक खातों की नियमित जांच करते रहें।