विदाई में दिखा रिटायर कर्मियों का साहित्यिक रुझान, याद किया सोसाइटी से अपना लगाव,बीएसपी एम्पलाइज को-ऑपरेटिव एंड वेलफेयर सोसाइटी लिमिटेड सेक्टर-4 ने जनवरी माह के रिटायर कर्मियों को दी विदाई
भिलाई। बीएसपी एम्पलाइज को-ऑपरेटिव एंड वेलफेयर सोसाइटी लिमिटेड सेक्टर-4 में समारोह का आयोजन कर माह जनवरी 2026 में भिलाई स्टील प्लांट की सेवा से निवृत्त हुए अपने सदस्य कर्मियों को ससम्मान विदाई दी। विदाई समारोह में रिटायर कर्मियों ने जहां भिलाई स्टील प्लांट और सेक्टर-4 सोसाइटी से अपने लगाव पर बातें की, वहीं कर्मियों का साहित्यिक रुझान भी समारोह में खूब दिखा।
समारोह में स्वागत उपरांत सोसाइटी के अध्यक्ष पूरनलाल देवांगन ने सम्मान पत्र, मिठाई, श्रीफल व अंतिम भुगतान का चेक प्रदान कर रिटायर कर्मियों को भविष्य की शुभकामनाएं दी। अपने उद्बोधन में अध्यक्ष देवांगन ने कहा कि वरिष्ठ कर्मियों के योगदान से ही सोसाइटी समृद्ध बनी है और भविष्य में भी हम अपने इन साथियों को हमेशा याद रखेंगे।
आयोजन में रिटायर कर्मियों ने सम्मान के प्रति आभार जताते हुए अपनी बात रखी। इस दौरान ज्यादातर कर्मी बेहद भावुक हो गए। स्टील स्ट्रक्चरल शॉप से रिटायर लाल बिहारी ने कहा- सेक्टर 4 सोसाइटी की कार्यप्रणाली हमेशा सराहनीय रही है। यहां के स्टाफ और पदाधिकारियों का विनम्र व्यवहार हमेशा प्रभावित करता है। उन्होंने इस दौरान अपनी कविताओं का पाठ किया। उनकी कविता की सभी ने तारीफ की।
प्लेट मिल से रिटायर त्रिलोक देवांगन ने कहा कि पूरे सेवाकाल के दौरान जब भी जरूरत पड़ी तो यहां ऋण बड़ी आसानी से मिल गया। उन्होंने बताया कि नवनियुक्त कर्मियों को हमेशा वह सेक्टर-4 सोसाइटी की सदस्यता लेने प्रेरित करते रहे हैं। कोक ओवन एंड कोल केमिकल विभाग से सूर्यनारायण ने कहा- सोसायटी की कार्य प्रणाली इस हद तक पारदर्शी है कि किसी सिफारिश की जरूरत नहीं पड़ी। सामान्य सी औपचारिकता के बाद यहां ऋण तुरंत मिल जाता है।
इस दौरान रिटायर कर्मियों में कार्मिक एवं प्रशासन से राजेश कुमार, स्टील मेल्टिंग शॉप-2 से भरतलाल, स्टील मेल्टिंग शॉप-3 से कमलेश कुमार नायक, कोक ओवन एंड कोल केमिकल विभाग से श्यामलाल भौर्या, पी जी राधाकृष्णन, रिफ्रैक्ट्री इंजीनियरिंग विभाग-1 से ओमप्रकाश, सुखविंदर सिंह, मर्चेंट मिल से उत्तम बोस, सीएएस एंड सीडब्ल्यूपी से कुलदीप सिंह, स्टोर्स से देवानंद साहू, मेकेनिकल सर्विसेस से यतेंद्र पुरंग और ट्रांसपोर्ट एंड डीजल ऑर्गनाइजेशन से सेवंत लाल कोरपे ने भी अपनी बात रखी।
इस अवसर पर सोसाइटी परिवार से उपाध्यक्ष असमां परवीन, अशोक राठौर, संचालक मंडल सदस्य विपिन बंछोर, जानकी राव, सतानंद चंद्राकर, शशिभूषण ठाकुर और नितिशा साहू तथा सोसायटी के कर्मियों में मैनेजर सुदीप बनर्जी, पिजुष कर, नारायण साहू एवं सुरेश कुमार सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे। मंच संचालन संचालक वेद प्रकाश सूर्यवंशी और आभार प्रदर्शन संचालक पुरुषोत्तम सिंह कंवर ने किया।