दुर्ग आरपीएफ का सख्त कदम, ट्रेन में अवैध वसूली कर रहे 12 किन्नर पकड़े गए
दुर्ग/ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) दुर्ग ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए एक अहम कार्रवाई को अंजाम दिया है। ट्रेन नंबर 12851 बिलासपुर-चेन्नई एक्सप्रेस में अवैध वसूली की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर रविवार को 12 किन्नरों को गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन के रायपुर से दुर्ग की ओर आने के दौरान यात्रियों ने शिकायत की थी कि कुछ किन्नर विभिन्न कोचों में जाकर जबरन पैसे मांग रहे हैं और मना करने पर यात्रियों को परेशान कर दबाव बना रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ दुर्ग की टीम ने ट्रेन के दुर्ग स्टेशन पहुंचते ही त्वरित कार्रवाई की।
आरपीएफ जवानों ने मौके पर जांच कर आरोपों को सही पाया और सभी 12 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान कई यात्रियों ने लिखित एवं मौखिक रूप से अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिसमें जबरदस्ती वसूली और दुर्व्यवहार की बात सामने आई।
रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। पूछताछ उपरांत आवश्यक दस्तावेज तैयार कर मामले को संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि
आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों में यात्रियों को किसी भी प्रकार से परेशान करने, अवैध वसूली या अनुचित व्यवहार करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त अभियान जारी रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की तुरंत सूचना रेलवे हेल्पलाइन या आरपीएफ को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।