भिलाई टाउनशिप में तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, दो युवक गंभीर घायल

भिलाई टाउनशिप में तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, दो युवक गंभीर घायल


भिलाई। इस्पात नगरी भिलाई के टाउनशिप क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 7:00 बजे सेक्टर-2 चौक स्थित चौरसिया पान ठेले के पास एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल चला रहा युवक सेक्टर-3 निवासी है, जो कक्षा 10वीं का छात्र है और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक जवान का पुत्र बताया जा रहा है। वहीं उसके पीछे बैठा युवक रिसाली क्षेत्र का निवासी है।
घायलों की पहचान दिव्या कुमार एवं अक्षत चंद्राकर के रूप में हुई है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।