अवैध हुक्का व ई-सिगरेट बिक्री पर पुलिस का छापा, दो गिरफ्तार
दुर्ग/ नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहन नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से हुक्का फ्लेवर एवं इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹1 लाख से अधिक की प्रतिबंधित सामग्री जप्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि मालवीय नगर स्थित जैन मंदिर के सामने एक दुकान में हुक्का से संबंधित तंबाकू उत्पाद एवं इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का अवैध भंडारण एवं विक्रय किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान की विधिवत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान प्लास्टिक बोरियों में रखे हुक्का फ्लेवर, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, हुक्का कोल एवं अन्य सामग्री बरामद की गई। इस कार्रवाई में कुल ₹1,02,100 की सामग्री जप्त की गई है।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 281/2026 दर्ज कर सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश जैन (38 वर्ष) एवं शैलेश जैन (36 वर्ष), दोनों निवासी मालवीय नगर, दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों एवं इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट की अवैध बिक्री कर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे।
मोहन नगर पुलिस की इस कार्रवाई में पूरी टीम की सक्रिय एवं समन्वित भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।