उर्सपाक में नो एंट्री तोड़कर घुसे नशे में ट्रक चालक पर बड़ी कार्रवाई,सीजेएम कोर्ट ने लगाया ₹22 हजार जुर्माना, यातायात पुलिस ने दिया सख्त संदेश
दुर्ग/उर्सपाक कार्यक्रम के दौरान दुर्ग शहर में भारी भीड़भाड़ के बीच नो एंट्री क्षेत्र में ट्रक घुसाकर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले नशे में धुत ट्रक चालक पर यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां माननीय सीजेएम न्यायालय दुर्ग ने उस पर ₹22 हजार का जुर्माना लगाया।
जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 को उर्सपाक कार्यक्रम के चलते पटेल चौक एवं शहर के अन्य क्षेत्रों में भारी भीड़ थी। इसी दौरान ट्रक क्रमांक CG 08 W 9777 का चालक दिनेश कुमार निवासी खुज्जी, जिला राजनांदगांव, नो एंट्री क्षेत्र मालवीय नगर, राजेंद्र पार्क चौक, बस स्टैंड होते हुए उतई तिराहा तक ट्रक को लापरवाहीपूर्वक और खतरनाक ढंग से चलाता रहा।
ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस कर्मियों ने विभिन्न चौकों पर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन नहीं रोक रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर ट्रक को सुरक्षित तरीके से रुकवाया। जांच के दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन से परीक्षण में चालक द्वारा शराब सेवन कर वाहन चलाना पाया गया।
यातायात पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया। 18 मई 2026 को माननीय सीजेएम न्यायालय दुर्ग ने चालक पर ₹22,000 का जुर्माना अधिरोपित किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा लगातार नो एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने वाले और नशे की हालत में भारी वाहन चलाने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दो दिन पूर्व भी एक अन्य नशे में वाहन चला रहे भारी वाहन चालक पर न्यायालय द्वारा ₹32 हजार का चालान लगाया गया था।
इस कार्रवाई में निरीक्षक पी.डी. चंद्रा, प्रधान आरक्षक देवानंद शर्मा, आरक्षक दिव्यदेव राजपूत एवं येमन चंद्राकर सहित यातायात पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।