दुर्ग-भिलाई में दिनदहाड़े चोरी करने वाले गैंग का खुलासा, ज्वेलर्स भी गिरफ्तार

दुर्ग-भिलाई में दिनदहाड़े चोरी करने वाले गैंग का खुलासा, ज्वेलर्स भी गिरफ्तार

दुर्ग/ दिन में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उत्तरप्रदेश के मेरठ से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना एवं 3 लाख 50 हजार रुपये नगद सहित कुल 63 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलर्स संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है।
दुर्ग पुलिस के अनुसार नेहरू नगर और दुर्ग क्षेत्र में दिनदहाड़े हो रही चोरियों को चुनौती के रूप में लेते हुए थाना सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और घटनास्थलों के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके आधार पर टीम मेरठ और दिल्ली रवाना हुई।
जांच के दौरान मेरठ निवासी आरोपी हासीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बिलासपुर से एक्टिवा वाहन खरीदने और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में रेकी कर सूने मकानों का ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी कुछ दिनों से रायपुर के मोदहापारा इलाके में किराये का मकान लेकर रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी फेरीवाले बनकर कपड़ा और कालीन बेचने के बहाने कॉलोनियों में घूमते थे और जिन मकानों के बाहर ताला लगा मिलता, उन्हें निशाना बनाते थे। वारदात के दौरान एक आरोपी बाहर निगरानी करता था जबकि दूसरा मकान के अंदर चोरी करता था।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का सामान मेरठ के सलीम ज्वेलर्स को बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने ज्वेलर्स संचालक सलीम खान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना और 3.50 लाख रुपये नगद बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी दुर्ग-भिलाई के अलावा बिलासपुर, नवा रायपुर और मध्यप्रदेश के जबलपुर में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर चुके हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी
हासीम खान, उम्र 24 वर्ष, मेरठ (उत्तरप्रदेश)
सलीम खान, उम्र 28 वर्ष, मेरठ (उत्तरप्रदेश)
बरामदगी
करीब 400 ग्राम सोना
नगद 3 लाख 50 हजार रुपये
कुल मशरूका लगभग 63 लाख 50 हजार रुपये