भाजपा की नामांकन रैली में उमड़ा उत्साह, विधायक ललित चंद्राकर बोले- जीत तय

घुमका/राजनांदगांवl नवगठित नगर पंचायत घुमका के चुनावी माहौल में रविवार को भाजपा ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा अधिकृत नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी श्रीमती किरण वर्मा एवं सभी वार्डों के भाजपा पार्षद प्रत्याशियों की नामांकन रैली में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। रैली में ढोल-नगाड़ों, डीजे और भाजपा के झंडों के साथ हजारों कार्यकर्ता और नगरवासी शामिल हुए।
नामांकन रैली में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं चुनाव प्रभारी ललित चंद्राकर विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के साथ नगर के विकास, सुशासन और जनसेवा का संकल्प लेते हुए नामांकन दाखिल कराया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि नामांकन रैली में उमड़ा जनसैलाब भाजपा के प्रति जनता के अटूट विश्वास और प्रचंड जीत का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि घुमका की जनता विकास, पारदर्शिता और जनहितकारी सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन का वातावरण बना है और घुमका नगर पंचायत में भाजपा का बोर्ड बनने के बाद केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। नल-जल, सड़क, बिजली, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए डबल इंजन सरकार पूरी ताकत से काम करेगी।
विधायक चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती शासन में घुमका विकास से वंचित रहा, लेकिन अब भाजपा नवगठित नगर पंचायत को विकास की नई दिशा देगी। उन्होंने “सेवा, सुशासन और विकास” को भाजपा का मूल संकल्प बताया।
पूरे नगर में “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” और “विष्णुदेव साय जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंजता रहा। रैली में मातृशक्ति, युवा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, मधुसूदन यादव, जितेन्द्र वर्मा सहित भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।