ऑनलाइन सट्टा और चोरी के बड़े मामलों का खुलासा, दुर्ग रेंज आईजी ने पुलिस टीमों को किया सम्मानित

ऑनलाइन सट्टा और चोरी के बड़े मामलों का खुलासा, दुर्ग रेंज आईजी ने पुलिस टीमों को किया सम्मानित

दुर्ग/ दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने चोरी एवं ऑनलाइन म्यूल अकाउंट/सट्टा प्रकरणों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिला दुर्ग पुलिस की टीमों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुलिस टीमों को कुल 33 हजार रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
जानकारी के अनुसार, एसीसीयू टीम ने 16 मई 2026 को ऑनलाइन सट्टा एवं म्यूल अकाउंट प्रकरण में कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न लोगों के बैंक खाते खुलवाकर पासबुक, एटीएम, सिम कार्ड एवं चेकबुक लेकर ऑनलाइन सट्टे के लेनदेन में उपयोग करना स्वीकार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगद राशि, 46 मोबाइल, 9 लैपटॉप, विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड तथा अलग-अलग बैंक खातों में जमा लगभग 10 लाख रुपये की जानकारी जुटाकर वैधानिक कार्रवाई की।
वहीं चोरी के मामलों में थाना सुपेला एवं पद्मनाभपुर पुलिस ने एसीसीयू के सहयोग से तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर मेरठ के चोर गिरोह तक पहुंच बनाई। पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 400 ग्राम सोना, लाखों रुपये कीमत का चोरी का सामान और नगद राशि बरामद की। आरोपियों ने दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, रायपुर और जबलपुर में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
आईजी अभिषेक शांडिल्य ने पुलिस टीमों की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट विवेचना की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।