पंजाब बार के बाहर पुरानी रंजिश में हमला, हत्या के प्रयास में युवक समेत 3 नाबालिग गिरफ्तार
भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पंजाब बार के बाहर पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में युवक पर बियर की बोतल और धारदार वस्तु से हमला करने वाले एक आरोपी सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार न्यू दीनदयाल कॉलोनी खम्हरिया जुनवानी निवासी ज्ञानेश साहू उर्फ आकाश (28 वर्ष) ने थाना वैशाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 मई की रात करीब 11:30 बजे वह अपने बड़े भाई आशीष साहू और परिचित के साथ पंजाब बार वैशाली नगर गया था। इसी दौरान उसका भाई बार के बाहर निकला, जहां चार युवकों ने पुरानी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बियर की कांच की बोतल एवं धारदार वस्तु से हमला कर दिया।
घटना की रिपोर्ट पर वैशाली नगर थाना में अपराध क्रमांक 184/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1), 109, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रेम नेताम (19 वर्ष), निवासी डेरा बस्ती फरीद नगर वार्ड 07 थाना सुपेला, तथा तीन विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल तथा टूटी हुई बियर बोतल के टुकड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक घटना का कारण आपसी विवाद और पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। वैशाली नगर पुलिस की इस कार्रवाई में थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।