भिलाई में युवक का शव बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में मिला, जांच में जुटी पुलिस

भिलाई में युवक का शव बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में मिला, जांच में जुटी पुलिस

भिलाई/ भिलाई में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दुर्ग जिले के भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के एक कर्मचारी के 22 वर्षीय पुत्र का शव सेक्टर-4 स्थित करीब 10 वर्षों से बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। घटनास्थल से एक हस्तलिखित नोट भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान दीपांशु वर्मा (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह कल्याण कॉलेज का छात्र था तथा उसके पिता बीएसपी में कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार दीपांशु रोज की तरह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान सूचना मिली कि सेक्टर-4 स्थित बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में एक युवक का शव फंदे पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान दीपांशु वर्मा के रूप में की गई।
पुलिस को घटनास्थल से एक नोट भी मिला है। नोट में लिखा था, "मुझसे इतनी नफरत के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। मेरे शरीर को दफनाया नहीं जाना चाहिए, इसका अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए।" हालांकि नोट में किसी व्यक्ति का नाम या इस कदम के पीछे की कोई स्पष्ट वजह का उल्लेख नहीं किया गया है।
परिजनों ने बताया कि घर से निकलने से पहले दीपांशु ने अपनी मां से 100 रुपये मांगे थे। उस समय उसकी मां नींद में थीं और उन्होंने इस बात पर विशेष ध्यान नहीं दिया। इसके बाद दीपांशु घर से निकल गया। परिवार को इस बात का कोई अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा बरामद नोट और अन्य परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।