भिलाई चेम्बर ने रचा इतिहास: एलओसी के जीरो पॉइंट टिटवाल में जवानों संग मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

भिलाई चेम्बर ने रचा इतिहास: एलओसी के जीरो पॉइंट टिटवाल में जवानों संग मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस


भिलाई/छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, भिलाई इकाई ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक ऐतिहासिक पहल करते हुए जम्मू-कश्मीर के नियंत्रण रेखा (एलओसी) स्थित टिटवाल जीरो पॉइंट पर भारतीय सेना के जवानों के साथ योगाभ्यास किया। देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात वीर जवानों के साथ योग दिवस मनाकर भिलाई चेम्बर ने राष्ट्रीय एकता, स्वास्थ्य और देशभक्ति का संदेश दिया।
चेम्बर के महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में दिन-रात तैनात जवानों के साथ योग करना उनके लिए और पूरी टीम के लिए गर्व एवं सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो तन, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है।
चेम्बर अध्यक्ष ने कहा कि देश के रक्षकों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। सीमावर्ती क्षेत्र में आयोजित यह कार्यक्रम देशभक्ति, अनुशासन और स्वस्थ जीवन के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
प्रतिनिधिमंडल ने सीमा क्षेत्र के महत्व को समझते हुए राष्ट्र की सुरक्षा में जुटे वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की तथा सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मनोहर कृष्णानी, विनय सिंह, प्रेम रतन गहलोत, अक्षय गुप्ता, अग्रवाल जी, सुनील मिश्रा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि स्वस्थ भारत और सशक्त भारत के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा योग विश्व को भारत की अनमोल देन है।
कार्यक्रम के अंत में चेम्बर पदाधिकारियों ने भारतीय सेना के जवानों का आभार व्यक्त करते हुए उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा को नमन किया।