मोहर्रम पर्व शांतिपूर्ण संपन्न कराने दुर्ग पुलिस की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, हर गतिविधि पर रही नजर

मोहर्रम पर्व शांतिपूर्ण संपन्न कराने दुर्ग पुलिस की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, हर गतिविधि पर रही नजर

दुर्ग/ मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगभग 620 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवानों की तैनाती की गई। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी स्तर के अधिकारी स्वयं करते रहे।
जिले के प्रमुख ताजिया जुलूस मार्गों, करबला मैदान, पावर हाउस चौक, सुपेला चौक, बीएसएनएल चौक, 2.5 मिलियन चौक, जामा मस्जिद क्षेत्र, पुरानी भिलाई, दुर्ग शहर सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रत्येक महत्वपूर्ण स्थल पर राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
ताजिया जुलूसों के दौरान जुलूस के आगे, पीछे तथा दोनों ओर पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई। वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व पुलिस बल, दंगा नियंत्रण उपकरण और टियर गैस पार्टी को भी तैयार रखा गया।
संवेदनशील और पूर्व में विवादित रहे क्षेत्रों के साथ-साथ प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने आवश्यक स्थानों पर डायवर्सन, पार्किंग और मार्ग नियंत्रण की व्यवस्था की। जुलूस मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करते हुए आम नागरिकों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए।
पूरे आयोजन की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण कर की गई। सभी थाना क्षेत्रों में वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई, जबकि ड्रोन और आसूचना तंत्र को भी सक्रिय रखा गया। किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के लिए रिजर्व पार्टी और अतिरिक्त पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया।
दुर्ग पुलिस ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले जिलेवासियों, ताजिया कमेटियों, जनप्रतिनिधियों और सभी धर्मगुरुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सामाजिक सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।