निर्जला एकादशी पर सत्तीचौरा दुर्गा मंदिर में भक्ति की बही गंगा, 108 दीपों से महाआरती और फल-फूलों से सजा मंदिर

निर्जला एकादशी पर सत्तीचौरा दुर्गा मंदिर में भक्ति की बही गंगा, 108 दीपों से महाआरती और फल-फूलों से सजा मंदिर

दुर्ग/निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर दुर्ग स्थित श्री सत्तीचौरा मां दुर्गा मंदिर में पूरे दिन धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला चली। मंदिर को विभिन्न प्रकार के फल एवं फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, 108 दीपों से महाआरती और जनसेवा के कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
मंदिर समिति की महिला सदस्या प्रज्ञा राहुल शर्मा ने बताया कि सुबह 8 बजे मां दुर्गा, भगवान श्रीकृष्ण एवं श्याम बाबा का विशेष श्रृंगार कर अभिषेक एवं पूजन किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए दोपहर 12 बजे श्रद्धालुओं ने राहगीरों के लिए ठंडा पानी, शरबत और छाछ वितरण का सेवा शिविर भी लगाया।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित सुनील पांडेय ने बताया कि ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की एकादशी को निर्जला एकादशी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन गंगा स्नान, जल एवं अन्न का दान करने से सहस्र अश्वमेध यज्ञ के समान पुण्य प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि जो श्रद्धालु वर्षभर की सभी एकादशियों का व्रत नहीं कर पाते, वे यदि श्रद्धापूर्वक निर्जला एकादशी का व्रत करें तो उन्हें 24 एकादशियों के व्रत के समान पुण्यफल प्राप्त होता है।
शाम 4 बजे परशुराम महिला मंडल द्वारा संगीतमय भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया गया, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। इसके बाद शाम 7 बजे मां दुर्गा एवं श्याम बाबा की 108 दीपों से भव्य महाआरती की गई। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को फल, मिष्ठान एवं शरबत का प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर चंदा देवी शर्मा, पायल जैन, प्रतिभा सुरेश गुप्ता, पार्षद इंद्राणी कुलेश्वर साहू, चंदा शर्मा, सरिता शर्मा, किरण शर्मा, चंचल शर्मा, गायत्री शर्मा, किरण सेन, प्रेमलता शर्मा, संगीता शर्मा, मोना शर्मा, अर्चला शर्मा, आभा शर्मा, विकास पुरोहित, निर्मल शर्मा, दीपक चावड़ा, गोपाल शर्मा, ईशान शर्मा, पायल शर्मा, मनोज शर्मा, मनीष सेन, राजू पुरोहित, सोनल सेन, प्रकाश सिन्हा, दिनेश शर्मा, मोहित पुरोहित, ममता अग्रवाल, कुलेश्वरी जायसवाल, लक्ष्मी यादव, रचना राजपूत, पिंकी साहू सहित सैकड़ों धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।