अंजोरा मंडल में महिला मोर्चा का सम्मान समारोह, विधायक ने गिनाईं सरकार की महिला हितैषी योजनाएं
दुर्ग/भारतीय जनता पार्टी अंजोरा मंडल द्वारा नवनियुक्त महिला मोर्चा कार्यकारिणी का परिचयात्मक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह ग्राम नगपुरा स्थित रेस्ट हाउस में उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए महिला सशक्तिकरण को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर ने अंजोरा मंडल की नई कार्यकारिणी का परिचय कराया तथा सभी अतिथियों का स्वागत किया।
अपने संबोधन में विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और इसकी रीढ़ मातृशक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना और लखपति दीदी जैसी कई योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अंजोरा मंडल की नई महिला मोर्चा टीम विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से भाजपा बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत होगी।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास कर रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सम्मान राशि मिल रही है। उन्होंने महिला मोर्चा से अपील की कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।
अंजोरा मंडल अध्यक्ष हेमंत सिन्हा ने कहा कि महिला मोर्चा के गठन से मंडल संगठन को नई ऊर्जा मिली है और आगामी सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों में महिला मोर्चा की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर, जिला महामंत्री ममता राव, जिला मंत्री गिरेश साहू, मंडल अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, मंडल महामंत्री यामिनी हरमुख, जनपद अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन, जिला पंचायत सभापति प्रिया साहू, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष रामकली साहू, मंडल महामंत्री भू भारती एवं बीणा महतेल, सरपंच संघ अध्यक्ष राजू यादव, वरिष्ठ कार्यकर्ता शिव कुमारी वैष्णव, पूर्व जनपद सदस्य भाना बाई ठाकुर, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष विनोद साहू, मंडल उपाध्यक्ष नंदू निर्मलकर, मंडल मंत्री झमनेस देशमुख, दिव्या साहू सहित अंजोरा मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।