शासकीय नौकरी लगाने के नाम पर ₹14 लाख से अधिक की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

शासकीय नौकरी लगाने के नाम पर ₹14 लाख से अधिक की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग/ शासकीय पुलिस विभाग में चालक एवं आरक्षक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर ₹14,00,001 की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी तोपचंद धनकर, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम नंदवाय, थाना धमधा, जिला दुर्ग, हाल साहिल किराना स्टोर्स, शिव मंदिर के पास उरला, रायपुर को चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला पुलिस ने रायपुर से अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 26 अगस्त को श्रीमती खोमिन ध्रुवे, उम्र 36 वर्ष, निवासी आर्यनगर, कोहका, दुर्गा मंदिर के पास भिलाई की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 1255/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रार्थीया ने बताया कि वर्ष 2024 में आरोपी ने उनके पति अश्वनी कुमार ध्रुवे को चालक तथा उनके भाई रितेश ठाकुर को पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर शासकीय नौकरी लगवाने का झांसा देकर अलग-अलग समय में कुल ₹14,00,001 प्राप्त किए और नौकरी नहीं लगवाई। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध थाना नेवई में पूर्व से धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज होने तथा दो स्थाई वारंट जारी होने की जानकारी मिली। आरोपी लगातार फरार चल रहा था। चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने लगातार पतासाजी करते हुए उसके संभावित ठिकाने की जानकारी जुटाई और टीम ने साहिल किराना स्टोर्स, शिव मंदिर के पास उरला, रायपुर में दबिश देकर आरोपी को अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 01 मोबाइल फोन एवं संबंधित दस्तावेज जप्त किए। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध जारी स्थाई वारंटों की तामीली की गई तथा वर्तमान अपराध में न्यायिक रिमाण्ड के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पीड़ित परिवार का विश्वास हासिल कर पुलिस विभाग में चालक एवं आरक्षक के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया और नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग समय में ₹14,00,001 की राशि लेकर धोखाधड़ी की। घटना से संबंधित राशि प्राप्त करने के स्थान दुर्ग एवं अन्य स्थान, थाना सुपेला क्षेत्र में बताए गए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी में चौकी स्मृतिनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसने फरार आरोपी की लगातार पतासाजी, संभावित ठिकानों की जानकारी संकलित करने तथा रायपुर में दबिश देकर उसे पकड़ने में प्रभावी कार्रवाई की। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शासकीय नौकरी अथवा किसी अन्य नियुक्ति का झांसा देकर यदि कोई व्यक्ति राशि की मांग करता है तो बिना सत्यापन के उसे राशि न दें और नौकरी लगाने के नाम पर धनराशि मांगने वाले व्यक्ति की जानकारी तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस को दें, ताकि शिकायत के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा सके।