गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति का 59वां नवरात्र उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ 17 अक्टूबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति का 59वां नवरात्र उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ 17 अक्टूबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

दुर्ग/श्री गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी शारदेय नवरात्र पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। समिति इस वर्ष अपना 59वां दुर्गा उत्सव मना रही है। गंजपारा स्थित दुर्गा धाम पुरानी गंज मंडी में मां जगदम्बा की भव्य प्रतिमा के साथ आकर्षक झांकी और मनमोहक लाइटिंग की सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
नवरात्र पर्व के अवसर पर समिति द्वारा श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सभी कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क रहेंगे।
14 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रमों की श्रृंखला में 14 अक्टूबर, बुधवार को रात्रि 8:30 बजे अंजोर लोक कला मंच की ओर से स्वर्णा दिवाकर एवं गरिमा दिवाकर बहनों द्वारा छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं, 16 अक्टूबर, शुक्रवार को रात्रि 8:30 बजे छत्तीसगढ़ी सुपरस्टार विवेक शर्मा की स्टार नाइट आयोजित होगी।
17 अक्टूबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन
समिति द्वारा अपनी परंपरा का निर्वहन करते हुए 17 अक्टूबर, शनिवार को रात्रि 8:30 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न शहरों से आमंत्रित कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। कवि सम्मेलन में दिल्ली से सुदीप भोला (पैरोडी), प्रयागराज से अखिलेश द्विवेदी (हास्य), मुंबई से चंदन राय (गीतकार), इंदौर से एकाग्र शर्मा (हास्य), उज्जैन से हिमांशु बवंडर (हास्य), नालंदा से अल्पना आनंद (गीत) तथा दुर्ग से मयंक शर्मा (ओज एवं मंच संचालन) शामिल होंगे। सभी कवि गंज मंडी के पावन प्रांगण में अपनी कविताओं के माध्यम से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे।
समिति के अनुसार, इन आयोजनों में जिले के जनप्रतिनिधियों, मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, पार्षदों सहित विभिन्न अधिकारियों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
20 अक्टूबर को महाप्रसादी भंडारा, 21 को विसर्जन शोभायात्रा
नवरात्र उत्सव के अंतर्गत 20 अक्टूबर, मंगलवार को दोपहर 12:15 बजे से मां दुर्गा के महाप्रसादी भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात 21 अक्टूबर, बुधवार को सुबह 10 बजे मां दुर्गा की प्रतिमा की विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा गंजपारा क्षेत्र का भ्रमण करते हुए शिवनाथ नदी तट पर संपन्न होगी।
श्री गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति ने समस्त श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों को शारदेय नवरात्र पर्व के अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में सपरिवार शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया है।