दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बांग्लादेशी नागरिक रीना अख्तर डिपोर्ट, IB और BSF के सहयोग से पूरी हुई प्रक्रिया
दुर्ग/ दुर्ग पुलिस ने भारत में अवैध रूप से निवासरत बांग्लादेशी नागरिक रीना अख्तर के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे डिपोर्ट कर दिया है। दुर्ग पुलिस की एसटीएफ (STF) टीम ने पश्चिम बंगाल में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सहयोग से समन्वित कार्रवाई करते हुए 23 अक्टूबर 2026 को रीना अख्तर को नियमानुसार भारत से डिपोर्ट किया।
दुर्ग पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध रूप से निवासरत विदेशी नागरिकों की पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए की जा रही कार्रवाई के दौरान रीना अख्तर के बांग्लादेशी नागरिक होने तथा भारत में अवैध रूप से निवास करने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद प्रकरण में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई और दुर्ग पुलिस की एसटीएफ टीम को पश्चिम बंगाल भेजा गया। वहां संबंधित केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे भारत से डिपोर्ट किया गया।
आधार और राशन कार्ड के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू
पुलिस के मुताबिक, रीना अख्तर द्वारा आधार कार्ड, राशन कार्ड सहित अन्य भारतीय दस्तावेज प्राप्त किए जाने के संबंध में संबंधित विभागों को जानकारी देकर उनके सत्यापन और नियमानुसार निरस्तीकरण की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसका उद्देश्य अवैध रूप से प्राप्त दस्तावेजों के संभावित दुरुपयोग को रोकना और भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति की आशंका को कम करना है।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध रूप से निवासरत विदेशी नागरिकों की पहचान, दस्तावेजों के सत्यापन और संबंधित विभागों व केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से वैधानिक कार्रवाई लगातार की जा रही है।
संदिग्ध विदेशी नागरिकों की जानकारी देने की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध विदेशी नागरिक के अवैध निवास अथवा फर्जी दस्तावेजों के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। प्राप्त सूचनाओं का नियमानुसार सत्यापन कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अवैध प्रवासियों के संबंध में सूचना देने के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905 जारी किया है।