पद्मनाभपुर में नाली निर्माण बना मुसीबत, 8 रास्ते बंद; 7 हजार लोग परेशान

पद्मनाभपुर में नाली निर्माण बना मुसीबत, 8 रास्ते बंद; 7 हजार लोग परेशान

दुर्ग। जेल तिराहा-पुलगांव बायपास रोड से पद्मनाभपुर में प्रवेश करने वाले मार्गों पर नाली निर्माण के लिए की गई खुदाई से कॉलोनी के दो वार्डों की करीब 7 हजार की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जेल तिराहा से बाफना मंगलम तक लगभग एक किलोमीटर के दायरे में कॉलोनी को जोड़ने वाले 8 कनेक्टिंग रोड बंद होने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार और नगर निगम द्वारा भीतरी नालियों में पुलिया निर्माण में देरी के कारण स्थानीय निवासियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
मार्ग बंद होने से खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की स्कूल बसों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ ही बुजुर्गों को अस्पताल आने-जाने में परेशानी हो रही है। वहीं, त्योहारी सीजन में महिलाओं को बाजार तक पहुंचने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आवागमन के रास्ते बंद होने और निर्माण कार्य में देरी को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है।
कॉलोनी के दोनों वार्डों में नाली निर्माण के लिए खुदाई के बाद रास्तों को बंद कर दिए जाने से लोगों के दैनिक कामकाज पर असर पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन निर्माण के दौरान आम जनता की सुविधाओं और आवागमन का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।


पूर्व पार्षद राजेश शर्मा ने अधिकारियों से की व्यवस्था सुधारने की मांग

पूर्व पार्षद राजेश शर्मा ने लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के अधिकारियों से कहा है कि विकास कार्यों के नाम पर कॉलोनी की करीब 7 हजार की आबादी को अनावश्यक परेशानी में न डाला जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और नाली निर्माण के साथ भीतरी मार्गों पर पुलिया निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि विकास कार्य जनता की सुविधा के लिए होते हैं, इसलिए कार्यों की सुस्त रफ्तार के कारण लोगों को लंबे समय तक परेशान नहीं होना चाहिए। अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के साथ ही आवागमन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।