छठ पर्व से पहले तालाबों की सफाई में जुटीं महापौर अलका बाघमार, खुद फावड़ा चलाकर किया श्रमदान
दुर्ग/नगर पालिक निगम। छठ पर्व के मद्देनजर शहर के तालाबों एवं घाटों की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर महापौर अलका बाघमार ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया है। विशेष स्वच्छता अभियान के तहत आज महापौर ने जनप्रतिनिधियों एवं निगम अमले के साथ शहर के चार प्रमुख तालाबों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान रेवा तालाब, शक्तिनगर तालाब, पुजारी तालाब एवं कातुलबोर्ड तालाब पहुंचकर उन्होंने सफाई कार्यों की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।रेवा तालाब में निरीक्षण के दौरान महापौर अलका बाघमार ने केवल निर्देश देने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि स्वयं फावड़ा उठाकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया। उनके साथ लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर एवं पार्षद मनोज सोनी ने भी फावड़ा चलाकर तालाब से जलकुंभी एवं कचरा निकालने में श्रमदान किया। जनप्रतिनिधियों की इस पहल से निगम अमले का उत्साह भी बढ़ा।महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए सभी तालाबों एवं घाटों में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया जाए। तालाबों में जमी जलकुंभी, कचरा एवं गंदगी को प्राथमिकता से हटाया जाए। साथ ही घाटों के आसपास विशेष सफाई, नागरिकों के आवागमन एवं पूजा-अर्चना के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि छठ पर्व आस्था और स्वच्छता से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। शहर के सभी तालाबों एवं घाटों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखना निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए केवल निगम अमले पर निर्भर रहने के बजाय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण एवं सफाई अभियान के दौरान पार्षद रंजीता पाटिल, सुरुचि उमरे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, भाजपा जिला प्रवक्ता अरुण सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, करण करोसिया सहित निगम की टीम एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।महापौर अलका बाघमार ने निर्देशित किया कि तालाबों की सफाई का कार्य केवल विशेष पर्वों तक सीमित न रहे, बल्कि इसे निरंतर जारी रखा जाए।शहर के प्रत्येक तालाब की महीने में कम से कम एक बार नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि तालाबों में स्वच्छता बनी रहे और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।