पुरानी रंजिश का खौफनाक अंजाम, युवक पर हमला—दो आरोपी जेल भेजे गए
दुर्ग/पुरानी रंजिश के चलते युवक पर धारदार हथियार और बेसबॉल बैट से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी करन चौहान (19 वर्ष), निवासी मिलन चौक कैम्प-02 भिलाई ने 15 अप्रैल 2026 को थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि रात्रि करीब 9:30 बजे पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर धारदार हथियार एवं बेसबॉल बैट से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
मामले में थाना छावनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 231/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने घटना करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार हथियार और एक बेसबॉल बैट जप्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम तरूण यादव एवं चंदन यादव, निवासी श्याम नगर महामाया मंदिर ठेठवार पारा, कैम्प-02 भिलाई बताए गए हैं।
घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। यह घटना अन्ना चौक, कैम्प-02 भिलाई क्षेत्र की है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद को कानून हाथ में लेकर सुलझाने का प्रयास न करें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।