केयर टेकर ने बुजुर्ग दंपत्ति के खाते से निकाले 40 हजार रुपये, नेवई पुलिस ने किया गिरफ्तार
दुर्ग/ थाना नेवई पुलिस ने बुजुर्ग दंपत्ति के संयुक्त बैंक खाते से बिना अनुमति राशि निकालने के मामले में केयर टेकर महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपिया पर विश्वास में लेकर बैंक खाते से 40,085 रुपये आहरित करने का आरोप है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 मई 2026 को प्रार्थी ने थाना नेवई पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके वृद्ध माता-पिता के बैंक खाते की देखरेख करने वाली केयर टेकर ने बिना जानकारी और अनुमति के खाते से राशि निकाल ली है। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपिया द्वारा अन्य वित्तीय लेनदेन और राशि निकासी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
मामले की जांच के बाद थाना नेवई में अपराध क्रमांक 312/2026 धारा 316(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी और तथ्यात्मक जांच के आधार पर आरोपिया का पता लगाया और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपिया ने बैंक खाते से 40,085 रुपये निकालना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने 18 मई 2026 को आरोपिया स्मिता बरगटे (44 वर्ष), निवासी रिसाली सेक्टर, थाना नेवई, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। मामले में बैंक ट्रांजेक्शन और संबंधित दस्तावेजी साक्ष्य जप्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना का मुख्य कारण बुजुर्ग दंपत्ति के बैंक खाते और वित्तीय जानकारी का दुरुपयोग कर विश्वासघातपूर्वक राशि आहरित करना रहा।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अनिल साहू, सउनि निगम प्रसाद पात्रे, प्रधान आरक्षक नंदलाल सिंह, आरक्षक रवि बिसाई, प्यावरे लाल साहू, देवप्रकाश वर्मा तथा महिला आरक्षक कीर्ति साहू की सराहनीय भूमिका रही।