साइबर अपराध से बचाव के लिए दुर्ग पुलिस का जागरूकता अभियान, विजय शर्मा समेत जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

साइबर अपराध से बचाव के लिए दुर्ग पुलिस का जागरूकता अभियान, विजय शर्मा समेत जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

दुर्ग। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान के तहत दुर्ग पुलिस जिलेभर में लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक कर रही है। इसी क्रम में नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री छत्तीसगढ़ शासन विजय शर्मा का वीडियो संदेश प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने, स्वयं सुरक्षित रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। वहीं वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने भी नागरिकों से साइबर जागृति अभियान से जुड़ने और साइबर अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया। दुर्ग पुलिस द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में लोगों को साइबर ठगी के अलग-अलग तरीकों की जानकारी देते हुए अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी मैसेज, बैंक अथवा केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी, ऑनलाइन ऑफर और अन्य भ्रामक माध्यमों से सावधान रहने की समझाइश दी जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें और किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने अथवा अज्ञात व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन लेन-देन करने से बचें। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी जा रही है और अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराधों की पहचान, रोकथाम एवं बचाव के उपायों से अवगत कराया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के दौर में साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराध के विरुद्ध जागरूकता, सतर्कता और सामूहिक सहभागिता ही प्रभावी बचाव का आधार है।