तोमर बंधुओं पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई की तैयारी, करोड़ों की संपत्ति होगी कुर्क

रायपुर। राजधानी रायपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिला प्रशासन की टीम फरार तोमर बंधु वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन आज ही दोनों भाइयों की करोड़ों की संपत्ति कुर्क कर सकता है।जिला प्रशासन द्वारा वीरेंद्र और रोहित तोमर के आलीशान मकान, जमीन और लग्जरी कारों को कुर्क करने की तैयारी की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के खिलाफ सूदखोरी, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।दोनों आरोपी बीते दो महीने से फरार चल रहे हैं। इससे पहले भी प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करते हुए तोमर बंधुओं के आलिशान ऑफिस पर बुलडोजर चलाया था। अब जिला प्रशासन ने इनके खिलाफ लीगल एक्शन लेते हुए सख्त रुख अपनाने का मन बना लिया है।