भिलाई में शराब दुकान के खिलाफ जनआक्रोश, विधायक देवेंद्र यादव ने लिखा सीएम को पत्र

भिलाई में शराब दुकान के खिलाफ जनआक्रोश,  विधायक देवेंद्र यादव ने लिखा सीएम को पत्र

भिलाई/ देवेंद्र यादव ने भिलाई इस्पात संयंत्र टाउनशिप के सेक्टर-6 (पश्चिम), वार्ड क्रमांक-63 में प्रस्तावित नई शराब दुकान के विरोध में कड़ा रुख अपनाया है। स्थानीय निवासियों के बढ़ते विरोध के बीच विधायक ने विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि प्रस्तावित शराब दुकान का स्थान सामाजिक और नैतिक दृष्टि से पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने बताया कि उक्त स्थल के आसपास स्कूल और कॉलेज स्थित हैं, जहाँ विद्यार्थियों का नियमित आवागमन होता है। साथ ही यह क्षेत्र पूर्णतः आवासीय है, जहाँ बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि क्षेत्र के मुख्य बाजार में चिकित्सकीय क्लिनिक भी संचालित हैं, जहाँ मरीजों का लगातार आना-जाना बना रहता है। इसके अतिरिक्त आसपास धार्मिक स्थल भी मौजूद हैं, जिससे क्षेत्र की संवेदनशीलता और अधिक बढ़ जाती है।
विधायक ने आशंका जताई कि ऐसे सार्वजनिक और व्यस्त स्थान पर शराब दुकान खुलने से शांति-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इससे विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने इस प्रस्ताव को मानवीय दृष्टिकोण से अव्यवहारिक बताते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वे आमजन की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस मामले में त्वरित संज्ञान लें और प्रस्तावित शराब दुकान को आवासीय क्षेत्र से हटाकर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दें, ताकि टाउनशिप की शांति एवं गरिमा बनी रह सके।