रंगों और कल्पनाओं में दिखी बालिकाओं की प्रतिभा, जीई फाउंडेशन ने कराया चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

रंगों और कल्पनाओं में दिखी बालिकाओं की प्रतिभा, जीई फाउंडेशन ने कराया चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

भिलाई। समाजसेवी संस्थान गोल्डन एम्पथी (जीई) फाउंडेशन ने संजीवनी बालिका छात्रावास में बालिकाओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं की रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर बालिकाओं को संबोधित करते हुए जीई फाउंडेशन के संयोजक प्रदीप पिल्ले ने अपनी प्रतिभा पर विश्वास रखने, निरंतर सीखने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानना और उसे आगे बढ़ने का अवसर देना ही ऐसे आयोजनों का मूल उद्देश्य है। इस प्रतियोगिता ने बालिकाओं में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया। रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया।
प्रतियोगिता को बालिकाओं की कक्षा एवं आयु के अनुसार तीन वर्गों में विभाजित किया गया। प्राथमिक वर्ग की बालिकाओं को अपनी कल्पना एवं रुचि के अनुसार चित्र बनाने की स्वतंत्रता दी गई, जबकि मिडिल स्कूल वर्ग के लिए पर्यावरण संरक्षण तथा हाई स्कूल वर्ग के लिए देशभक्ति विषय निर्धारित किया गया। 
प्रत्येक वर्ग से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली श्रेष्ठ चित्रकृतियों का चयन किया गया तथा विजेता बालिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विनोद सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा, सीता अग्रवाल, छात्रावास प्रभारी एवं धनेश्वरी साहू, अधीक्षिका, संजीवनी बालिका छात्रावास की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में इनरव्हील भिलाई की सचिव रविंदर कौर बाजवा का विशेष सहयोग रहा। उनके सौजन्य से प्रतियोगिता में शामिल बच्चों को उपहार प्रदान किए गए। आयोजन में जी.ई. फाउंडेशन की ओर से ज्योति पिल्लई, शुभागा सुरेश, अनुपमा मेश्राम, मोनिका सिंह, सोनम सागर, प्रकाश देशमुख एवं अजीत सिंह उपस्थित थे।