बकरा विक्रेता और जनगणना अधिकारी के वेश में पुलिस, कुख्यात चोर तक ऐसे पहुंची

बकरा विक्रेता और जनगणना अधिकारी के वेश में पुलिस, कुख्यात चोर तक ऐसे पहुंची

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने अन्तर्राज्यीय चोरी गिरोह के सक्रिय एवं कुख्यात नकबजन मोहम्मद नासिर हुसैन उर्फ आनस खान को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से दिल्ली, मेरठ, मध्यप्रदेश, चंडीगढ़ और छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में करोड़ों रुपये की चोरी की वारदातों में शामिल था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की नगदी, डायमंड एवं सोने-चांदी के जेवरात, नई साड़ियां-कपड़े और लग्जरी कार जब्त की है।
पुलिस के अनुसार मई माह के प्रथम सप्ताह में नेहरू नगर भिलाई, थाना सुपेला एवं पद्मनाभपुर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों की जांच के दौरान अन्तर्राज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ था। मामले में पहले ही मेरठ निवासी आरोपी हाशिम खान और चोरी के जेवर खरीदने वाले ज्वेलरी कारोबारी सलीम खान को गिरफ्तार कर करीब 60 लाख रुपये का सोना बरामद किया जा चुका है। वहीं बिलासपुर निवासी शाहिल को भी गिरफ्तार किया गया था।
मुख्य फरार आरोपी नासिर हुसैन दिल्ली के शाहीन बाग, मदनपुर खादर और नोएडा क्षेत्र में लगातार ठिकाने बदलकर छिपा हुआ था। घनी आबादी, संकरी गलियों और बहुमंजिला फ्लैटों वाले इलाकों में आरोपी तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
बकरा विक्रेता और जनगणना अधिकारी बनकर जुटाई जानकारी
आरोपी तक पहुंचने के लिए दुर्ग पुलिस ने बेहद गोपनीय और रणनीतिक तरीके से काम किया। पुलिस टीम ने स्थानीय गतिविधियों का अध्ययन कर पाया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में बकरा विक्रेता सक्रिय रहते हैं। इसके बाद पुलिस के सिविल स्टाफ ने बकरा विक्रेताओं के बीच रहकर कई दिनों तक इलाके में गतिविधियां संचालित कीं और संदिग्ध ठिकानों की जानकारी जुटाई।
जब इससे भी सफलता नहीं मिली तो पुलिस टीम ने जनगणना अधिकारी का वेश धारण कर घर-घर जाकर आरोपी के ठहरने और आवागमन की जानकारी एकत्रित की। यह पूरी कार्रवाई लगभग एक सप्ताह तक बेहद गोपनीय तरीके से चलाई गई।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर 300 किलोमीटर तक पीछा
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरी के जेवर बेचकर खरीदी गई कार से बिहार के दरभंगा भाग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और यमुना एक्सप्रेस-वे पर करीब 150 से 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से भाग रहे आरोपी का लगभग 300 किलोमीटर तक पीछा किया गया। आखिरकार आगरा रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया।
कई राज्यों में चोरी करना कबूला
पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2019 से मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, चंडीगढ़ तथा छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर में करोड़ों रुपये की चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी के पैसों से उसने करीब 10 लाख रुपये की सेकंड हैंड किआ सेल्टोस कार खरीदी थी।
आरोपी से यह सामग्री हुई बरामद
नगदी रकम – 1.22 लाख रुपये
डायमंड ब्रेसलेट – लगभग 7 लाख रुपये
अमेरिकन डायमंड – 50 हजार रुपये
7.500 ग्राम सोने के आभूषण
चांदी के सिक्के एवं अन्य आभूषण
नई साड़ियां एवं कपड़े – लगभग 3 लाख रुपये
किआ सेल्टोस कार क्रमांक DL-4C-AZ-7383 – लगभग 8 लाख रुपये
कुल मिलाकर लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद नासिर हुसैन उर्फ आनस खान (32 वर्ष) निवासी मदनपुर खादर एवं शाहीन बाग, दक्षिण दिल्ली तथा मूल निवासी दरभंगा (बिहार) का रहने वाला है। आरोपी को दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर लाकर दुर्ग न्यायालय में पेश किया गया।
दुर्ग पुलिस ने इस कार्रवाई को तकनीकी विश्लेषण, मानवीय सूचना संकलन, लगातार निगरानी और जोखिमपूर्ण पीछा जैसी रणनीतियों का परिणाम बताया है।