देश को बड़ी राहत: एलपीजी और क्रूड ऑयल के टैंकर सुरक्षित भारत पहुंचे
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बावजूद भारत की ऊर्जा आपूर्ति फिलहाल सुरक्षित बनी हुई है। एलपीजी और कच्चा तेल लेकर भारतीय ध्वज वाले टैंकर सुरक्षित रूप से गुजरात के बंदरगाहों तक पहुंच रहे हैं, जिससे देश को बड़ी राहत मिली है।कतर के रास लाफान पोर्ट से करीब 46 हजार टन एलपीजी लेकर चला टैंकर शिवालिक नौ दिन की यात्रा के बाद सोमवार को मुंद्रा पोर्ट पहुंच गया। इसी तरह लगभग 46 हजार टन एलपीजी लेकर आ रहा नंदा देवी टैंकर मंगलवार को कांडला पोर्ट पहुंचने वाला है। दोनों जहाज सरकारी कंपनी शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के स्वामित्व में हैं।उधर संयुक्त अरब अमीरात के फुजैरा पोर्ट से शनिवार को रवाना हुआ क्रूड ऑयल टैंकर जग लाडकी भी मंगलवार दोपहर मुंद्रा पोर्ट पहुंचने की उम्मीद है। यह जहाज करीब 81 हजार टन मुरबन क्रूड लेकर आ रहा है। खास बात यह है कि यह जहाज उसी दिन फुजैरा से रवाना हुआ था, जिस दिन वहां के तेल टर्मिनल पर हमला हुआ था। शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा के अनुसार फारस की खाड़ी क्षेत्र में काम कर रहे सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। सूत्रों के मुताबिक, शिवालिक टैंकर से आए एलपीजी में से लगभग 20 हजार टन मुंद्रा में उतारा जाएगा, जबकि बाकी 26 हजार टन को न्यू मैंगलोर पोर्ट भेजा जाएगा। वहीं नंदा देवी टैंकर के एलपीजी को कांडला के पास वडिनार में समुद्र में ही छोटे जहाजों में ट्रांसफर किया जाएगा, ताकि इसे अलग-अलग जगहों तक पहुंचाया जा सके।