अर्नब चक्रवात से फसल बर्बाद, किसानों के मुआवजे और कर्जमाफी के लिए देवेंद्र यादव ने CM को लिखा पत्र

अर्नब चक्रवात से फसल बर्बाद, किसानों के मुआवजे और कर्जमाफी के लिए देवेंद्र यादव ने CM को लिखा पत्र

भिलाई/ भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र यादव ने प्रदेश में अर्नब चक्रवात के कारण हुई भारी बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। उन्होंने प्रभावित किसानों को तत्काल उचित मुआवजा देने और उनके कृषि ऋण माफ करने की मांग की है।
विधायक देवेंद्र यादव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि चक्रवात के प्रभाव से हो रही लगातार बारिश और खेतों में पानी भरने के कारण कटाई के लिए तैयार फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश किसान कृषि पर निर्भर हैं। ऐसे में फसल खराब होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसका असर आगामी कृषि कार्यों, परिवार के भरण-पोषण और किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए जाएं, ताकि फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जा सके। इसके साथ ही संकट का सामना कर रहे किसानों के कृषि ऋण माफ करने की घोषणा करने का भी आग्रह किया है।
मुंगेली दौरे के दौरान किसानों से की चर्चा
रोड बचाओ, देश बचाओ कार्यक्रम के सिलसिले में मुंगेली जिले के प्रवास के दौरान विधायक देवेंद्र यादव खेत में रुके और किसानों से चर्चा की। इस दौरान किसानों ने बारिश के कारण फसलों को हुए भारी नुकसान की जानकारी दी। किसानों की समस्याओं और उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मुआवजा और कर्जमाफी की मांग उठाई है।